मंईयां सम्मान यात्रा पहुंची मेदिनीनगर



मंईयां सम्मान यात्रा

 पहुंची मेदिनीनगर


पलामू,  (हि.स.)। मंईयां सम्मान यात्रा बुधवार को मेदिनीनगर पहुंची। यहां शिवाजी मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड में केवल हेमंत राज चलेगा। इंडिया महागठबंधन की सरकार का बोलबाला होगा। कोई रोक सके तो रोककर दिखा दे। यह तभी संभव है जब लोग खुलकर हमारा समर्थन करेंगे।

कल्पना ने लोगों को भाजपा से बचकर रहने की सलाह दी। साथ ही कहा कि बीजेपी के बहरुपिए देश के कोने-कोने से यहां आकर लोगों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं। ये वही नेता हैं जो अम्बेडकर की प्रतिमा एक तरफ लगाते हैं तो दूसरी तरफ तोड़ते भी हैं। संविधान के अनुसार कार्य करने की बात कहते हैं और दूसरी तरफ संविधान को खत्म करने की तैयारी में भी लगे हुए हैं।

कल्पना ने कहा कि आपके सपने पूरा करना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और महागठबंधन सरकार का काम है। मंईयां सम्मान की चर्चा करते हुए कहा कि यह एक हजार रुपये नहीं है। यह महिलाओं के लिए सम्मान है। महिलाएं घर परिवार देखती हैं। उन्हें कोई सैलरी नहीं मिलती। यह राशि उन्हें राहत के साथ जरूरतों को पूरा करेगी। साथ ही कहा कि आज जितनी योजनाएं चल रही हैं, उससे कहीं ज्यादा दोबारा सरकार बनने के बाद चलायी जायेंगी।

कल्पना ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि महिला सम्मान के लिए उनके द्वारा जो योजनाएं चलायाी गयी है, उसे रोकने के लिए बीजेपी के लोग हाई कोर्ट में पीआईएल किए हैं। इससे आप सभी अंदाजा लगा सकते हैं कि बीजेपी की मंशा आपके प्रति कैसी है। इसे जानने की जरूरत है और महिला विरोधी चेहरे को पहचान कर समय पर जवाब भी देना जरूरी है। बहुत जल्द चुनाव होने वाला है। इस मौके पर ऐसे बहुरूपीय को आप जवाब दें ताकि फिर से झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में लोकप्रिय सरकार बनायी जा सके।

मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि झारखंड बनने के बाद भी आज तक किसी सरकार ने महिला सशक्तिकरण पर ध्यान नहीं दिया। डबल इंजन की सरकार इसमें फेल साबित हुई। फिर से राज्य में डब्ल इंजन की सरकार के लिए अपील की जा रही है लेकिन उनके पुराने ट्रैक रिकार्ड को देखकर जनता मुंहतोड़ जवाब दे। मंईयां सम्मान योजना से नया अध्याय गढा गया है। उन्होंने कृषि ऋण माफी, बिजली बिल शून्य आने सहित अन्य योजनाओं की जानकारी लोगों को दी।

मंत्री बेबी देवी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विभाग के द्वारा मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को राहत प्रदान किया जा रहा है। क्षेत्र में बहुत गरीबी है। छोटे-छोटे बच्चे घर पर खाने-पीने की सामग्री की मांग करते हैं। महिलाएं पैसे के अभाव में दे नहीं पाती। ऐसे में उनका एक हजार रुपये घरेलू जरूरतों को पूरा करके राहत प्रदान करेगा।

पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने कहा कि झारखंड में महागठबंधन की सरकार बनती है तो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें आजीविका से जोड़ेगी। 50 हजार से लेकर एक लाख तक की आमदनी बढ़ाने की कोशिश होगी। देश की इकोनॉमी में सुधार लाने के लिए महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना होगा और स्थानीय स्तर पर उत्पादकता बढानी होगी। मनिका विधायक रामचन्द्र सिंह ने कहा कि महिला उत्थान के लिए झारखंड में बनायी गयी योजनाएं जल्द पूरे भारत देश में लागू होगी। राज्य सरकार सभी के हित में बेहतर कार्य कर रही है।

इससे पहले दीप प्रज्जवलित कर सभा की शुरूआत की गयी। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शबिर अहम्मद, समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, सदर सीओ अमरदीप सिंह बल्होत्रा, डीपीआरओ डॉ. असीम कुमार सहित कई बीडीओ-सीओ आदि मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments