कार की मांग पूरी न होने पर
पत्नी को तीन तलाक बोलकर
घर से निकाला
फतेहपुर(राम आसरे)। कार के लिए पांच लाख रुपयों की मांग पूरी न होने पर पति ने तीन तलाक बोलकर पत्नी को घर से निकाल दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। थरियांव थाना क्षेत्र के औरई गांव निवासी मो. शमीम की पुत्री ताहरा बानो की शादी 21 अक्तूबर 2019 को थरियांव कस्बा निवासी मुस्तकीम के साथ हुई थी। मायके पक्ष के लोग महाराष्ट्र के मुंबई में रहते हैं। ताहरा का आरोप है कि शादी के बाद से पति, ससुर नईम उर्फ मुन्ना, सास साबरा, जेठ नसीम संतुष्ट नहीं थे। शादी के बाददहेज में कार के लिए पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर गाली गलौज और मारपीट करने लगे। घर से निकाल दिया। वह मायके में रहने लगी। नवंबर 2020 में ससुरालीजनों ने एक लाख रुपये दिए। बाकी रुपये देने में असमर्थता जताई। कुछ दिन ठीक से रखा। इसके बाद फिर प्रताड़ित करने लगे। जेठ और ससुर उस पर गलत नीयत रखने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे दिसंबर 2020 ससुरालीजनों ने मारपीट कर घर से दूसरी बार निकाल दिया। वह 10 नवंबर 2022 को पिता, भाई के साथ ससुराल गई। उसे घर के अंदर नहीं घुसने दिया। ससुरालीजनों के उकसाने पर पति ने उसे तीन बार तलाक बोलकर दरवाजा बंद कर लिया। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज विवेचना की जा रही है।
0 Comments