भगवान बिरसा मुंडा के पदचिह्नों पर
चलकर ही झारखंड विकसित
राज्यों की श्रेणी में आएगा
रांची रिवोल्ट - जनमंच के नेतृत्व में सुदूरवर्ती हहाप पंचायत में धूमधाम से मनी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती
रांची : आज दिनांक 15 नवंबर दिन मंगलवार 2022 को रांची के नामकुम प्रखंड स्थित सपारोम गांव में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सह राज्य स्थापना दिवस एवं जनजातीय गौरव दिवस भव्य समारोह में पूरे धूमधाम से मनाया गया। वीर भगवान बिरसा जयंती समारोह समिति एवं रांची रिवोल्ट - जनमंच के संयुक्त तत्वावधान में आज झारखंड राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के शुभ अवसर पर हजारों की संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने जनजातीय सांस्कृतिक तरीके से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई। सबसे पहले सुबह उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर उपस्थित लोगों के बीच डॉ. प्रणव कुमार बब्बू ने प्रकाश डाला। इसके उपरांत नृत्य संगीत एवं वाद्य यंत्रों की बेहद सुरमई सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस कार्यक्रम में पूरे हहाप पंचायत के अंतर्गत आने वाले सरबल,सपारोम एवं हहाप समेत अन्य गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने अपने अपने समूह के द्वारा सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर छउ नृत्य एवं अन्य विविध प्रकार के नृत्य करते हुए सभी ने सुखद साम्प्रदायिक सद्भाव एवं झारखंड के उज्जवल भविष्य की कामना की। देर शाम तक सभी ग्रामीण सांस्कृतिक नृत्य करते रहे।
0 Comments