नगर पालिका मंझनपुर एवं भरवारी में दीपावली
मेला का आयोजन, 28 अक्टूबर को दीपावली
मेला का किया जायेगा शुभारम्भ
कौशाम्बी(राम आसरे)। शासन के निर्देशानुसार जनपद की नगर पालिकाओं मंझनपुर एवं भरवारी में दीपावली मेला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें नगर पालिका परिषद मंझनपुर में वशिष्ठ बालिका इंटर कालेज तथा नगर पालिका भरवारी में स्थित मण्डी परिसर व रामलीला मैदान में 28 अक्टूबर 2021 को दीपावली मेला का शुभारम्भ किया जायेगा। मेला का आयोजन सुनियोजित ढंग से किया जायेगा। मेले में तीन दिवसीय 28, 29 एवं 30 अक्टूबर 2021 को सांस्कृतिक कार्यक्रम दिवसवार आयोजित किये जायेंगे। मेले का शुभारम्भ मुख्य अतिथिगणों द्वारा किया जायेगा। मेला स्थल पर मैजिक-शो, नुक्कड़ नाटक, कठपुतली, स्थानीय लोग गायन, स्थानीय कौशल एवं कला, फूड स्टाल, मनोरंजन के झूले आदि व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ मंच एवं दर्शकों हेतु पर्याप्त स्थान की सुविधा एवं पार्किंग आदि की भी समुचित व्यवस्था की जायेगी। मेला स्थल में शांति एवं कानून व्यवस्था, प्रकाश एवं चिकित्सा स्वास्थ्य आदि की भी व्यवस्था रहेगी।
मेले का मूल उद्देश्य पथ विक्रेताओं को मेला अवधि में अपनी आय को बढ़ाने हेतु अधिकाधिक सामग्री वस्तु के विक्रय किये जाने का अवसर दिया जाना है। मेला स्थल पर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अन्तर्गत पंजीकृत/ऋणग्राही स्ट्रीट वेण्डर को सामग्री विक्रय करने हेतु समुचित स्थान उपलब्ध कराया जायेगा। मेला स्थल पर फूड स्टाल व झूले आदि भी लगायें जायेंगे। मेला स्थल में कोविड एवं अन्य प्रकार के संक्रामक बीमारियों से बचाव एवं साफ-सफाई तथा स्वच्छ पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी। मेला में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, डिजिटल लेन-देन, ओडीओपी एवं एमएसएमई सहित अन्य संबंधित स्टाल भी लगाये जायेंगे।
0 Comments