शराबी युवक ने ड्यूटी में तैनात
दीवान पर पत्थर से किया हमला
बांदा (राम आसरे)। जिला महिला अस्पताल के सामने शराबी युवक महिला मित्र को गाली-गलौज कर रहा था। इस पर ड्यूटी में तैनात दीवान और होमगार्ड ने उसे पकड़ लिया। डंडों से पिटाई करने के बाद उसे छोड़ दिया। पुलिस की पिटाई से आहत युवक ने कुर्सी में बैठे दीवान पर पत्थर से हमला कर दिया। इससे वह लहूलुहान हो गया। सूचना पाकर चौकी प्रभारी समेत अन्य पुलिस बल अस्पताल पहुंच गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में शराबी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के छेहरांव गांव निवासी बउवा यादव अहमदाबाद में रहकर काम करता है। वह कई महीने बाद सोमवार की सुबह बांदा आ गया। दोपहर में वह महिला अस्पताल में महिला मित्र को गाली-गलौज कर रहा था। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड छोटेलाल मौर्या ने उसे मना किया। बउवा और होमगार्ड के बीच लपटा झपटी हो गई। सूचना पाकर सिविल लाइन चौकी में तैनात दीवान रमेश (48) पुत्र मुन्नालाल मौके पर पहुंच गए। दोनो लोग बउवा को पकड़कर अस्पताल चौकी की तरफ ले गए। उसे डंडों से जमकर पीटा। इसके बाद बउवा को छोड़ दिया गया। इस बीच पुलिस की पिटाई से बउवा भी चोटहिल हो गया। किसी तरह उसे समझाने के लिए ट्रामा सेंटर लाया गया। ट्रामा सेंटर में भी वह शोरशराबा मचाता रहा। बाद में उसे छोड़ दिया गया। वह पुलिस की निगाह बचाकर इधर उधर हो गया। दीवान रमेश महिला अस्पताल के सामने कुर्सी में बैठ गया। इसी बीच मौका पाते ही बउवा ने उस पर पत्थर से हमला कर दिया। इससे सिर में चोट लगने से दीवान लहूलुहान हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बउवा वहां से भाग खड़ा हुआ। सूचना पाकर चौकी प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह और अन्य पुलिस कर्मी अस्पताल पहुंच गए। घायल का हाल जाना। कुछ ही देर बाद बउवा भी पट्टी कराने अस्पताल पहुंच गया। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे दबोच लिया।
0 Comments