जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित
बलुआ घाट, गऊ घाट, दुर्वासा
घाट, ग्राम धोकरी उपरहार एवं मोरी
पम्पिंग स्टेशन दारागंज का किया निरीक्षण
बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को जाना, सभी संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
बाढ़ का पानी कम होने वाले क्षेत्रों में बीमारियां न फैले, इसके लिए नगर निगम, पंचायतीराज विभाग को साफ-सफाई के साथ दवाओं का छिड़काव कराये जाने के दिए निर्देश
बाढ़ प्रभावित व्यक्ति कंट्रोल रूम के नम्बर 0532-2641577, 0532 2641578, 0532-2641597, 0532-2641598 एवं 1077 पर करें सम्पर्क
प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मंगलवार को बाढ़ के दृष्टिगत बलुआ घाट, गऊ घाट, ककरा दुबावल स्थित दुर्वासा घाट, ग्राम धोकरी उपरहार तहसील फूलपुर एवं मोरी-दारागंज पम्पिंग स्टेशन पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं बाढ़ से प्रभावित हुए लोगो को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने ककरा दुबावल स्थित दुर्वासा घाट पहुंचकर लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने श्यामलाल और अन्य नाविकों से भी बात कर दुर्वासा घाट के सामने दूसरी ओर कछार में खेती और पशुपालन करने हेतु अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी प्राप्त की, जिसपर उनके द्वारा बताया गया कि लोगो का स्थायी निवास स्थान सुरक्षित स्थान पर है, और जो लोग कछार में फंसे थे उन्हें वहां से निकाल लिया गया है। कुछ लोग अभी भी है लेकिन सुरक्षित स्थान पर है। उनके लिए नाव की व्यवस्था उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी फूलपुर को बाढ़ प्रभावित लोंगो के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बाढ़ से प्रभावित ग्राम धोकरी उपरहार तहसील फूलपुर पहुंचकर बाढ़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गाँव के लोगो के द्वारा बताया गया कि गांव के कुछ घर पानी से घिरे हुए हैं और उन लोगों ने गांव में ही दूसरे लोगों के यहां आश्रय लिया है। पशुओं को भी अन्यत्र रखा गया है और उनके लिए चारे की आवश्यकता है, जिसपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी फूलपुर को बाढ़ प्रभावित लोगो के लिए खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी से वार्ता कर चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उप जिलाधिकारी से पानी से घिरे हुए घरों का नाव से जाकर निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने दारागंज स्थित मोरी पम्पिंग स्टेशन की क्रियाशीलता का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को पानी निकासी की समुचित व्यवस्था बनाये रखने एवं परेड ग्राउंड में बरसात की वजह से भरे पानी को पम्प से निकालने के लिए कहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ का पानी घटना शुरू हुआ है, स्थितियां पहले से बेहतर है। दोनो नदियों का जलस्तर कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित हुए लोगो के लिए 23 बाढ़ राहत शिविर चल रहे है, जिसमें लगभग 8000 से ज्यादा लोग रह रहे है। राहत शिविर में रह रहे लोगो के लिए गुणवत्तापूर्ण खाना, पानी, प्रकाश, दवाओं सहित अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने कहा कि जहां पर बाढ़ का पानी कम हो रहा है, वहां पर संक्रामक रोग न फैले, इसके दृष्टिगत नगर क्षेत्र में नगर निगम को व ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतीराज विभाग को साफ-सफाई की व्यवस्था हेतु निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही दवाओं का छिड़काव भी कराये जाने के निर्देश दिए गए है तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की पूरी टीम युद्ध स्तर पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रहकर लोगो को मदद पहुंचा रहे है। पर्याप्त संख्या में नाव लगायी गयी है। जो लोग बाढ़ में फंसे है, वहां पर राशन किट के वितरण के साथ अन्य जरूरत का समान भी उपलब्ध कराया जा रहा है। सभी व्यवस्थायें सुचारू रूप से चल रही है तथा कंट्रोल रूम भी पूरी तरह से क्रियाशील है। बाढ़ प्रभावित व्यक्ति को कोई भी समस्या हो, वह दिए गए कंट्रोल रूम के नम्बरः- 0532-2641577, 0532 2641578, 0532-2641597, 0532-2641598 एवं 1077 व अन्य सम्बंधित अधिकारियों के नम्बर पर सम्पर्क कर सकते है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र, उपजिलाधिकारी फूलपुर सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
0 Comments