इंस्पायर-मानक योजनान्तर्गत नामांकन में
उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर
लखनऊ। इंस्पायर-मानक योजनान्तर्गत उत्तर प्रदेश ने देश में सर्वोच्च उपलब्धि दर्ज करते हुए इस वर्ष कुल 2,80,747 नामांकन कराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। योजना की शुरूआत से अब तक का यह सर्वाधिक नामांकन है।
शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ. महेन्द्र देव ने बताया कि वर्ष 2025-26 में नामांकन की अवधि 15 जून से 30 सितम्बर तक रही, जिसमें उत्तर प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ बेसिक शिक्षा परिषद् के जूनियर हाईस्कूलों, कम्पोजिट स्कूलों, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, संस्कृत विद्यालयों और केन्द्रीय बोर्ड के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं राज्य सह नोडल अधिकारी विवेक नौटियाल ने जानकारी दी कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष प्रदेश ने 70,400 अधिक नामांकन दर्ज कराकर अभूतपूर्व प्रगति की है। वर्ष 2024-25 में नामांकन संख्या 2,10,347 थी। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के साथ ही उत्तर प्रदेश ने राजस्थान (1,41,142 नामांकन) और कर्नाटक (1,01,656 नामांकन) को पछाड़ते हुए देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
नौटियाल ने यह भी बताया कि देश में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले शीर्ष 50 जनपदों में उत्तर प्रदेश के 21 जनपदों ने स्थान पाया है, जबकि गत वर्ष यह संख्या 12 थी। प्रयागराज (6वां स्थान, 6929 नामांकन), लखनऊ (7वां स्थान, 6721 नामांकन) और हरदोई (8वां स्थान, 6689 नामांकन) सहित प्रमुख जनपदों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि इंस्पायर-मानक योजना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार तथा राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान-भारत द्वारा संचालित है, जिसका उद्देश्य विद्यालयी छात्रों में नवाचार, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना है। योजना के अंतर्गत कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के मौलिक व नवाचारी विचारों एवं प्रासंगिक समाधान को ऑनलाइन नामांकन के रूप में आमंत्रित किया जाता है।
गत 7 वर्षों में उत्तर प्रदेश के नामांकन का तुलनात्मक विवरण इस प्रकार है – 2019-20 : 33,134, 2020-21 : 25,166, 2021-22 : 27,108, 2022-23 : 31,932, 2023-24 : 50,329, 2024-25 : 2,10,347 तथा 2025-26 : 2,80,747।
0 Comments