चारदीवारी निर्माण के दौरान
भाजपा जिला मंत्री और
उनके पुत्र पर हमला
पलामू, 21 जनवरी (हि.स.)। जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिंदुबिगहा निवासी भाजपा जिला मंत्री सोमेश कुमार सिंह और पुत्र आयुष सिंह (17) के साथ दबंगों ने बेरहमी से मारपीट करने और हत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है।
पीड़ित सोमेश कुमार सिंह के अनुसार 21 जनवरी की सुबह में वे हैदरनगर स्टेशन के पास स्थित अपनी जमीन पर चारदीवारी का निर्माण करवा रहे थे। उनका पुत्र आयुष सिंह भी उनके साथ मौजूद था।
इसी बीच ग्राम बिंदुबिगहा के निवासी चंदन सिंह, हरि सिंह, छोटू सिंह, सूली सिंह अन्य लगभग पांच अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे। सभी लाठी-डंडे, चाकू, पिस्टल जैसे घातक हथियारों से लैस थे। सभी ने अचानक पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया। चंदन सिंह पिस्टल लिए हुए था, उसने पिस्टल के बट से सोमेश कुमार सिंह के चेहरे पर आंख के नीचे वार किया, जिससे खून बहने लगा और सिर में गंभीर चोट आई। वहीं हरि सिंह ने आयुष सिंह को लाठी से पीटकर घायल कर दिया।
इतना ही नहीं, आरोपितों ने मौके पर खड़ी कार के शीशे तोड़कर उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित पक्ष ने बताया कि इस पूरी घटना का फोटो और वीडियो साक्ष्य उनके पास मौजूद है, जिसे जांच के दौरान देखा जा सकता है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हैदरनगर थाना ने किसी आरोपित पर कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित ने मामले में पलामू एसपी से दोषियों की तत्काल गिरफ्तार करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

0 Comments