शोक संतप्त परिवार से मिले पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, बंधाया ढांढस

शोक संतप्त परिवार से मिले 

पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत

सिन्हा, बंधाया ढांढस


विष्णुगढ़ प्रखंड के कुसुंभा पंचायत में 12 वर्षीय मासूम बच्ची सुमन कुमारी के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के मामले का पुलिस द्वारा सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया गया है। सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं, जिससे क्षेत्र में व्याप्त आक्रोश के बीच कुछ हद तक राहत महसूस की जा रही है।

इसी क्रम में आज पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा विष्णुगढ़ पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पीड़िता के पिता एवं भाई से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा उन्हें सांत्वना देते हुए इस कठिन समय में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ हैं।

इस दौरान श्री सिन्हा ने कुछ लोगों द्वारा इस संवेदनशील घटना पर राजनीति किए जाने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जल्दबाजी में इस त्रासदी को अवसर में बदलने का प्रयास कर रहे हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह कोई पर्यटन स्थल नहीं है, जहां राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से लोग पहुंच रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो लोग सच्ची संवेदना के साथ परिवार का दुख साझा करना चाहते हैं, उनका स्वागत है, लेकिन राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित गतिविधियां पूरी तरह अनुचित हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि “भीम राम भाजपा से नहीं हैं” जैसा वक्तव्य बचकाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे स्वयं इसी क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं और उस समय भीम राम बूथ अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे।

श्री सिन्हा ने कहा कि इस तरह के संवेदनशील मामलों में सभी को राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।

उन्होंने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मामले का उद्भेदन कर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की, जो प्रशंसनीय है। साथ ही उन्होंने मांग की कि गिरफ्तार अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।

अंत में उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सहायता राशि यदि किसी कारणवश रुकी है, तो वे उपायुक्त हजारीबाग से वार्ता कर उसे शीघ्र दिलाने का हर संभव प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर मुख्य रूप से बिपिन सिन्हा, प्रकाश मिश्रा, सुरेंद्र सिन्हा, सुमन सिंह, भोला कुशवाहा, दिलीप सिंह, बीरेंद्र सिन्हा, दीपक नाथ सहाय, कृष्ण कुमार सिन्हा, प्रियंबदा, प्रियांशु सहाय, हिमांशु कुमार, सुमित सिन्हा, वेद प्रकाश, राजेंद्र दुबे, रोहित बर्मन, विक्रम कुमार, राजेश कुमार, गौतम कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित थे। इस संबंध में जानकारी अनिल सिन्हा द्वारा दी गई।a

Post a Comment

0 Comments