बाइक चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, पांच बाइक बरामद

बाइक चोर गिरोह के चार 

सदस्य गिरफ्तार, पांच बाइक बरामद


पूर्वी सिंहभूम, 09 अप्रैल (हि.स.)। शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संगठित वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके पास से पांच चोरी की बाइक बरामद की गई है।


गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी बचनदेव कुचुर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शहर में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया।


गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान मिथुन समद, बापी समद, सुखदेव लोहरा और बसंती समद के रूप में हुई है। इनमें से दो आरोपिताें को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था, जबकि उनकी निशानदेही पर बाकी दो को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपिताें के पास से पांच चोरी की बाइक बरामद की है। सभी बरामद वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर को जब्त कर लिया गया है, ताकि उनके असली मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस सौंपा जा सके।


उन्हाेंने बताया कि जांच के दौरान यह सामने आया है कि यह गिरोह काफी संगठित तरीके से काम करता था। गिरोह के सदस्य जमशेदपुर और आसपास के इलाकों से बाइक चोरी कर उन्हें अन्य राज्यों में बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में कुल 08 से 10 सदस्य शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान चला रही है और जल्द ही अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

Post a Comment

0 Comments