जयराम महतो ने कहा, केटीपीएस बांझेडीह में 60-40 नाय चलतव

जयराम महतो ने कहा, केटीपीएस 

बांझेडीह में 60-40 नाय चलतव


कोडरमा, 10 जुलाई (हि. स.)। जिले के जयनगर प्रखंड के बांझेडीह केटीपीएस के बगल सोमवार को सभा में जयराम महतो गरजते नजर आए। उन्होंने कहा कि विस्थापितों को केटीपीएस बांझेडीह के अधिकारी व दामोदर घाटी निगम के पदाधिकारियों ने लूटने का काम किया है। जहां एक और इनकी जमीनों को हड़प कर विद्युत पावर प्लांट सबस्टेशन खोला है, वहीं इन लैंड लूजर को अपने हक व अधिकार के लिए लड़ाई लड़ना पड़ रहा है। इसके बावजूद भी इनके हक को छीना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हम झारखंडियों की मांगे झारखंड सरकार पूरा नहीं कर पा रही है। वह बिल्कुल अक्षम है। आज राज्य की जनता रोजगार के लिए पलायन कर रहे हैं। रोजगार मांगने पर उसे लाठियों का मार सहना पड़ रहा है। इसके बावजूद भी झारखंड सरकार मूकदर्शक बनी है। महतो ने कहा कि आने वाले दिनों में बेहतर विकल्प चुनते हुए खतियानी जोहार संघर्ष समिति के बैनर तले हम सभी को एकत्र होना होगा। हमें अपनी पार्टी मजबूत करनी होगी। ताकि हम अपने हक व अधिकार की लड़ाई लड़ सके। उन्होंने कहा कि यहां के विद्युत से देश के महानगर रोशन हो रहे हैं और स्थानीय लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही है पावर प्लांट से निकलने वाले धुंआ और गैस से लोगों का जीना दूभर हो गया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवक रोजगार की तलाश में जाते हैं तो उन्हें पुलिस प्रशासन की लाठियों का शिकार बनना पड़ता है। उसकी आवाज को दबा दिया जाता है। आने वाले दिनों में बेहतर झारखंड का निर्माण करने की सोच लेकर हमें आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने नियोजन नीति में 60-40 के अनुपात को हम झारखंडी कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

हिंदुस्थान समाचार/ संजीव

Post a Comment

0 Comments