राजनीति छोड़ सकता हूं,
पार्टी नहीं: संजय प्रसाद यादव
रांची, 10 जुलाई (हि. स.)। राजद के प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव ने सोमवार को कहा कि राजनीति छोड़ सकता हूं, लेकिन पार्टी कभी नहीं छोड़ूंगा। यादव राजद प्रदेश मुख्यालय में सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में मीडिया में चल रही खबरों का खंडन किया। एक न्यूज चैनल ने संजय यादव के राजद से दूरी को लेकर खबर प्रसारित की थी। इस पर उन्होंने कहा कि सारी दुनिया पलट जाएगी, लेकिन संजय यादव नहीं पलट सकता है। राजद और राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मेरा पारिवारिक संबंध है। जनता दल के समय से पार्टी का सच्चा सिपाही रहा हूं। बांका का जिला अध्यक्ष था। राजद बनने के बाद भी संगठन के साथ जुड़ा रहा और आगे भी रहूंगा।
संवाददाताओं के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में हमारी पार्टी की चार सीट पर दावेदारी है। गोड्डा, कोडरमा, चतरा और पलामू हमारी परंपरागत सीट है। हम लोगों ने लिस्ट आलाकमान को सौंप दिया है। वहीं बोर्ड निगम में जगह नहीं मिलने पर संजय ने कहा कि हमलोग लालची नहीं है। राजद मेहनत पर विश्वास करने वाली पार्टी है। सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन को हमारी पार्टी का हमेशा से सहयोग रहा है। यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में पोड़ैयाहाट सीट पर राजद ने अपनी दावेदारी पेश की है।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि पूर्व प्रदेश महासचिव बिनोद सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया था। भूलवश प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने उन्हें पार्टी में शामिल किया। प्रदेश अध्यक्ष को गलती का एहसास हुआ, तो उन्हें पुनः पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/ विकास
0 Comments