जल, जंगल, जमीन
और जानवर की रक्षा को
लेकर जागरूकता कार्यक्रम
कोडरमा,(हि. स.)। समर्पण की आरे से चलाए जा रहे वॉइस फॉर ग्रीन अर्थ कैंपेन के तहत बेंदी पंचायत के कुम्भियातरी गांव एवम् बंगाखलार में जल, जंगल, जमीन व जानवर की रक्षा को लेकर विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजन किया गया।
इसके तहत युवाओं के साथ डिबेट कार्यक्रम एवं सामुदायिक बैठक का आयोजन किया गया। युवाओं ने कहा कि आए दिन गर्मी और ग्लोबल वार्मिंग बढ रहा है। यह बहुत बड़ी चिंता का विषय है। इसे देखते हुए आज यदि बुद्धिजीवी वर्ग एवं पूंजीपति वर्ग अपनी आंखें एवं अपना दरवाजा बंद कर लेंगे तो आने वाली पीढ़ी उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
करीना कुमारी ने कहा कि पेड़ों की जो कटाई धड़ल्ले से हो रही है उसे रोकना होगा। मुखिया शिव शंकर राय ने कहा कि ये बड़े लोग आज 300 से 600 फीट तक बोरिंग कर पानी निकाल ले रहे हैं मगर वे हम गरीबों का 30 फीट पर मिलने वाले कुओं के बारे में नहीं सोच रहे हैं। डीप बोरिंग से हमारा जलस्तर दिनों-दिन नीचे चला जा रहा है।
समर्पण के जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि हम पेड़ लगा सकते हैं, मगर जंगल नहीं। इसीलिए जो जंगल है, प्रकृति के द्वारा दिया हुआ, उसे हर हाल में बचाए रखना होगा। पांच जून को भव्य तरीके से पर्यावरण दिवस समारोह का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। मौके पर फोरेस्टर पियुष प्रभाकर, रामेश्वर दास, बतेसिया देवी, गोरिया देवी सोनी कुमारी, किरण कुमारी, सुनीता देवी, दीपक सिंह, मेरियन सोरेन, रौशनी कुमारी आदि मौजूद थे।

0 Comments