भाजपा एकमात्र ऐसा संगठन
जहां कार्यकर्ताओं को मिलता
है सम्मान : आदित्य साहू
रांची, (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महानगर कार्यालय में शनिवार को नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकताओं ने ढोल–नगाड़ा बजाकर, पटाखे छोड़कर और मिठाईयां बांट कर खुशी का इजहार किया।
अभिनंदन समारोह के दौरान भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि मुझ जैसा बूथ स्तर पर कार्य करने वाला एक कार्यकर्ता अगर कार्यकारी अध्यक्ष बन सकता है, तो वह भाजपा में ही संभव है। भाजपा ही एक मात्र संगठन है, जहां कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलता है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने मेरे जैसे कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, हम उस विश्वास पर खरा उतरेंगे।
उन्होंने संगठन में संघर्ष को याद करते हुए भावुक होकर कहा कि ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करने वाला हर कार्यकर्ता भाजपा में आगे बढ़ सकता है। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
झारखंड सरकार पर हमला बोलते हुए आदित्य साहू ने कहा कि राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हर कार्यकर्ता को सड़क पर उतरना होगा। आज राज्य में हर तरफ भ्रष्टाचार कायम है। जल, जंगल और जमीन की बात कर सत्ता में आने वाली सरकार आज राज्य के आदिवासियों और मूलवासियों के विरुद्ध कार्य कर रही है। सरकार में चोरी और लुट चरम पर है।
रांची के भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि आदित्य साहू जैसे पुराने और जमीनी कार्यकर्ता को कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया है। आदित्य साहू के लंबे सांगठनिक अनुभव का फायदा पार्टी को मिलेगा।
महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि आदित्य साहू के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी को नई गति और ऊर्जा मिलेगी।
अभिनंदन समारोह में मुख्य रूप से रांची विधायक सीपी सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यनारायण सिंह, मनोज मिश्रा, के.के गुप्ता, बलराम सिंह और जितेंद्र वर्मा के अलावा सुबोध सिंह गुड्डू, लक्ष्मीचंद्र दीक्षित, कमाल खान, राजेंद्र केशरी, संजय जयसवाल, रमेश सिंह, अरुण झा, संदीप वर्मा, निशि जयसवाल, ऊषा पांडेय, कृपा शंकर सिंह सहित सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
0 Comments