घाटशिला उपचुनाव: ग्यारहवें
राउंड की गिनती में झामुमो
उम्मीदवार की भारी बढ़त
पूर्वी सिंहभूम, 14 नवंबर (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले की घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में ग्यारहवां राउंड पूरा हो गया है। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन ने अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया है। उन्हें अब तक कुल 59,150 वोट मिले हैं, जिसमें ग्यारहवें राउंड के 6,054 वोट शामिल हैं।
वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को अब तक कुल 37,055 वोट प्राप्त हुए हैं। इस राउंड में उन्हें 4,766 वोट मिले। झामुमो प्रत्याशी की बढ़त 20,000 से अधिक वोटों तक पहुंच गई है, जो परिणाम की दिशा साफ़ संकेत दे रही है।
अन्य उम्मीदवारों में भारत आदिवासी पार्टी के पंचानन सोरेन को कुल 577 वोट, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) की पार्वती हांसदा को 210 वोट, जबकि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के रामदास मुर्मू को कुल 8,348 वोट मिले हैं।
निर्दलीय उम्मीदवारों में बिकाश हेंब्रम को 532, डॉ. श्रीलाल किस्कू को 883, नारायण सिंह को 123, परमेश्वर टुडू को 93, बसंत कुमार टोपनो को 80, मेंसा राम हांसदा को 685, मनोज कुमार सिंह को 222 और रामकृष्ण कांती महाली को 168 वोट प्राप्त हुए हैं।
इसके अलावा नोटा को कुल 1,579 वोट मिले हैं।
कुल मिलाकर ग्यारहवें राउंड तक कुल 1,09,705 वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है।

0 Comments