माघ मेला–2026 : पुलिस आयुक्त
की अध्यक्षता में आगामी स्नान पर्व
बसंत पंचमी, अचला सप्तमी एवं गणतंत्र
दिवस के दृष्टिगत पुलिस बल की ब्रीफिंग
प्रयागराज। आगामी स्नान पर्व बसंत पंचमी (23 जनवरी 2026), अचला सप्तमी (25 जनवरी 2026) एवं गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराए जाने हेतु लगाई जाने वाली ड्यूटियों के सम्बन्ध में आज पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन, माघ मेला स्थित तीर्थराज सभागार में पुलिस बल/फील्ड अधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
◼️ नीरज कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक, माघ मेला द्वारा मौनी अमावस्या स्नान पर्व को सकुशल सम्पन्न कराए जाने पर उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन हेतु आभार व्यक्त किया गया तथा सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को सराहना सहित बधाई दी गई। उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी पर्वों पर भी मौनी अमावस्या की भाँति पूर्ण अनुशासन, समन्वय एवं तत्परता के साथ ड्यूटी की जाए। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि दिनांक 23 जनवरी 2026 से 26 जनवरी 2026 तक लगातार भीड़ दबाव बने रहने की सम्भावना है, अतः सभी घाटों/मार्गों पर भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। बसंत पंचमी के अवसर पर प्रयागराज के स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति अपेक्षाकृत अधिक रहने तथा सप्ताहांत के कारण यातायात दबाव बढ़ने की सम्भावना को दृष्टिगत रखते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ रखने हेतु निर्देशित किया गया।
◼️डॉ0 अजय पाल शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) द्वारा अधिकारियों/कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए कहा गया कि मौनी अमावस्या पर सभी इकाइयों द्वारा जिस समर्पण एवं कार्यकुशलता के साथ ड्यूटी सम्पन्न की गई, वही मानक आगामी पर्वों पर भी बनाए रखना होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि मौनी ड्यूटी के दौरान प्राप्त अनुभवों के आधार पर यदि किसी स्तर पर कोई कमी चिन्हित हुई हो तो उसकी तत्काल पूर्ति सुनिश्चित की जाए। गाटा मार्ग पर प्रभावी बैरियर व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा घाटों से निकासी की दर में वृद्धि हेतु निर्देशित किया गया। श्रद्धालुओं को घाटों पर सोने/बैठकर रुकने अथवा झुण्ड बनाकर मार्ग अवरुद्ध करने से रोका जाए। इसके साथ ही पार्किंग स्थलों का सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। भीड़ प्रबंधन के दृष्टिगत गंगामूर्ति क्षेत्र में ड्रोन तैनाती एवं संगम क्षेत्र में अतिरिक्त बैरियर/कंट्रोल पॉइंट्स बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
◼️ जोगेन्द्र कुमार, पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज द्वारा समस्त पुलिस बल को ब्रीफ करते हुये कहा कि मौनी अमावस्या स्नान पर्व के दौरान अत्यधिक भीड़ दबाव के बीच भी पुलिस व प्रशासन की संयुक्त व्यवस्थाओं से मेले का संचालन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी पर्वों पर मौनी की तुलना में भीड़ अपेक्षाकृत कम हो सकती है, किन्तु भीड़ दबाव पर्याप्त रहेगा, अतः इसे रूटीन ड्यूटी मानकर नहीं, बल्कि उच्च सतर्कता एवं उच्च संवेदनशीलता के साथ संचालित किया जाए।
पुलिस आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रमुख पर्वों से पूर्व श्रद्धालुओं द्वारा वाहन लेकर मेला क्षेत्र के समीप आने की प्रवृत्ति को ध्यान में रखते हुए आज रात्रि से ही सघन अभियान चलाकर वाहनों को बाहर कराने, नो-व्हीकल जोन एवं प्रतिबंधित मार्ग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। यह भी निर्देशित किया गया कि कमिश्नरेट प्रयागराज के जो पर्यवेक्षण अधिकारी नामित किए गए हैं, वे आज रात्रि, कल दिन एवं कल रात्रि में सम्बन्धित क्षेत्रों में भ्रमण कर ड्यूटी प्वाइंट्स पर ब्रीफिंग/सत्यापन करें तथा आवश्यकतानुसार मौके पर सुधारात्मक निर्देश दें।
◼️पुलिस आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि अटेंडेंस शीट पर ड्यूटीरत कर्मियों के हस्ताक्षर कराने से ड्यूटी अनुशासन में सकारात्मक प्रभाव पड़ा है, अतः पूर्ववत प्रत्येक ड्यूटी अवधि में 02 बार उपस्थित कर्मियों के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से कराए जाएं, ताकि ड्यूटी की सतत उपलब्धता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित हो सके।
अंत में पुलिस आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि आगामी पर्वों के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, घाट सुरक्षा एवं निकासी व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी इकाइयाँ आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी स्थिति में व्यवस्था प्रभावित न होने दी जाए।
उक्त ब्रीफिंग में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), पुलिस अधीक्षक माघ मेला, पुलिस उपायुक्त नगर, पुलिस उपायुक्त गंगानगर, पुलिस उपायुक्त यमुनानगर, अपर जिलाधिकारी (मेला), अपर जिलाधिकारी (नगर) सहित पुलिस एवं प्रशासन तथा अन्य इकाइयों के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

0 Comments