डेहरी ऑन सोन-बरवाडीह पैसेंजर ट्रेन डेढ घंटा लेट, यात्रियों में आक्रोश

डेहरी ऑन सोन-बरवाडीह पैसेंजर 

ट्रेन डेढ घंटा लेट, यात्रियों में आक्रोश



पलामू, 21 जनवरी (हि.स.)। डेहरी ऑन सोन से बरवाडीह जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 53350 की वजह से एक बार फिर रेल यात्रियों को घंटों परेशानियों का सामना करना पडा। बुधवार को यह ट्रेन सिगसिगी स्टेशन पर करीब 53 मिनट तक बेवजह खड़ी रही, जबकि इसी दौरान लगातार पांच मालगाड़ियां उसी ट्रैक से गुजरती रहीं।

यात्रियों का कहना है कि मालगाड़ियों को प्राथमिकता देकर पैसेंजर ट्रेन को रोका जाना रेलवे की संवेदनहीनता को दर्शाता है। यात्रियों का आरोप है कि रेलवे की मनमानी से अब सुगम और सुलभ रेल यात्रा दुर्लभ हो चुकी है। इसके बाद ट्रेन को धनबाद रेल मंडल के गढ़वा रोड जंक्शन के आउटर पर भी रोका गया। यही नहीं, यह ट्रेन आगे चलकर कजरी रेलवे स्टेशन पर भी 22 मिनट तक खड़ी रही।

यात्रियों का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो ट्रेन को जानबूझकर रोका जा रहा हो, जबकि सिगसिगी स्टेशन पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में आता है। अलग-अलग रेल मंडलों के बीच समन्वय की कमी का सीधा असर आम यात्रियों पर पड़ रहा है। लगातार रुकावटों और अनावश्यक ठहराव के कारण यह ट्रेन अपने निर्धारित समय 09.53 बजे के बजाय 11.27 बजे डालटनगंज (01 घंटा 34 मिनट विलंब) से पहुंची।

इस देरी से निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारी सरकारी कार्यालय जाने वाले कर्मी, व्यापारी, छात्र सभी अपने काम-काज को लेकर परेशान नजर आए। इसी रूट पर बरवाडीह से डेहरी ऑन सोन जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 53349 भी प्रतिदिन 1.5 से 2 घंटे विलंब से चल रही है।

यात्रियों का कहना है कि महीनों बीत जाने के बावजूद इस गंभीर समस्या पर न तो सांसद और न ही उनके किसी प्रतिनिधि ने कोई ठोस पहल की है। लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि जनप्रतिनिधि जनता की परेशानी पर पूरी तरह मौन हैं।

Post a Comment

0 Comments