जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर बाइक–स्कॉर्पियो की टक्कर, दो युवतियों सहित तीन गंभीर घायल

जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर बाइक–

स्कॉर्पियो की टक्कर, दो युवतियों 

सहित तीन गंभीर घायल


पूर्वी सिंहभूम, (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर सोमवार को नौरंग मार्केट पुलिया के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा टकराई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवतियों सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल के नेतृत्व में हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल यूसिल अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर इलाज मिलने के कारण उनकी जान बच सकी।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार तीनों लोग गालूडीह से दामूडीह स्थित पहाड़ भागा (नरवा पहाड़) जा रहे थे। इसी दौरान नौरंग मार्केट पुलिया के पास बाइक अचानक असंतुलित हो गई और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गई।

हादसे में गालूडीह निवासी लक्खी मार्डी और पार्वती मुर्मू तथा मुसाबनी निवासी कुंदु मार्डी गंभीर रूप से घायल हो गए। यूसिल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

इधर, जादूगोड़ा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments