ईद मिलाद-दुन-नबी एवं रिसालदार
बाबा के सालाना उर्स को लेकर उर्स
कमिटी एवं शांति समिति के सदस्यों
ने जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त,
रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री से की मुलाकात
उर्स कमिटी द्वारा सफल आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्था को लेकर किया गया आग्रह
जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग का दिया गया आश्वासन
ईद मिलाद-दुन-नबी एवं रिसालदार बाबा के सालाना उर्स के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उर्स कमिटी एवं शांति समिति के सदस्यों ने जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। इस दौरान उर्स कमेटी द्वारा जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री एवं प्रशिक्षु आईएएस (IAS Probationer) सुश्री आस्था शरण को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
मुलाकात के दौरान उर्स कमिटी के सदस्यों द्वारा ईद मिलाद-दुन-नबी एवं रिसालदार बाबा के सालाना उर्स के दौरान जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, यातायात, आपातकालीन सेवाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि पर्व एवं आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है। ईद मिलाद-दुन-नबी के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि दिनांक 27-31 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले रिसालदार बाबा के सालाना उर्स को लेकर भी जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा-व्यवस्था, साफ-सफाई, आपातकालीन सेवाएं, यातायात प्रबंधन, वीआईपी सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि उर्स के व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने उर्स कमिटी एवं शांति समिति के सदस्यों से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर उर्स कमिटीी के सदर श्री अयूब गद्दी, महासचिव श्री जावेद अनवर, संयुक्त सचिव श्री जुल्फिकार अली भुट्टो एवं श्री सादिक इस्लाम, सदस्य श्री आसिफ नईम तथा शांति समिति के श्री जयसिंह यादव एवं श्री सागर कुमार उपस्थित थे।

0 Comments