आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से भड़के भुर्जी भोजवाल सेवा संस्थान के पदाधिकारी, डीएम को सौंपा ज्ञापन

आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से भड़के 

भुर्जी भोजवाल सेवा संस्थान के पदाधिकारी, 

डीएम को सौंपा ज्ञापन



कौशांबी(राम आसरे)। गौरतलब हो कि मैनपुरी जनपद में हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने पर जिले के भुर्जी समाज में आक्रोश फैल गया। बुधवार को भुर्जी समाज के दर्जनों लोगों ने समाज के अध्यक्ष की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। जिसमें उन्होंने परिवार की सुरक्षा सहित आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी किए जाने की मांग किया। कार्रवाई न किए जाने की दशा में समाज के लोगों ने बड़ा आंदोलन करने की भी बात कही। एक सप्ताह पूर्व मैनपुरी जनपद के बेवर थाना अंतर्गत वीरपुर खास गांव निवासी चंद्रपाल के पुत्र सूरज गुप्ता उम्र लगभग 16 वर्ष को गांव के दबंगों ने पीट कर अधमरा कर दिया था। जिसको इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। किशोर की मौत को एक सप्ताह से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी अभी तक वहां की पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। इतना ही नहीं आरोपी खुलेआम घूम कर पीड़ित परिवार को लगातार धमकी दे रहा है। इस बात की जानकारी जैसे ही आसपास के जनपदों में भुर्जी समाज को हुई तो उनमें रोष फैल गया। बुधवार को आक्रोशित समाज के दर्जन भर से अधिक लोगों ने भुर्जी भोजवाल सेवा संस्थान के अध्यक्ष गुरु प्रसाद गुप्ता की अगुवाई में एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिला अधिकारी सुजीत कुमार को सौंपा। जिसमें उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी करने एवं पीड़ित परिवार को बीस लाख रुपए मुआवजा के तौर पर देने व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग किया। जिस पर जिलाधिकारी ने ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेज कर कार्यवाही कराए जाने की बात कही। इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए समाज के अध्यक्ष गुरु प्रसाद गुप्ता ने कहा कि मृतक सूरज अपने घर का इकलौता चिराग था और वह दसवीं कक्षा का छात्र था। हत्यारों ने हंसते खेलते परिवार का चिराग छीन लिया जो अत्यंत दुखदाई है। महामंत्री जगदीश गुप्ता ने कहा कि अभी तक हत्यारों की गिरफ्तारी ना होना कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। इस मौके पर अरुण गुप्ता, ज्ञान चंद गुप्ता, शिवरतन गुप्ता, रोहित गुप्ता, दुर्गेश गुप्ता, राम प्रसाद गुप्ता, सुशील गुप्ता, पिंटू गुप्ता, सुधीर गुप्ता, अरविंद गुप्ता, पवन गुप्ता, धीरेंद्र गुप्ता सहित समाज के दर्जनों लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments