घर में घुसकर मां-बेटी की ले ली जान
वृद्ध को किया जख्मी, नकदी-आभूषण लूटे
प्रयागराज(राम आसरे)।यमुनापार के औद्योगिक थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात घर में घुसकर डकैतों ने धारदार हथियार से मां-बेटी की हत्या कर दी। इतना ही नहीं बुजुर्ग महिला के पति को धारदार हथियार से वार कर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद नकदी, आभूषण लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और डाग स्क्वायड जांच-पड़ताल कर रही है। अभी हत्यारों के बारे में कोई सुराग नहीं लग सका है। गंभीर रूप से जख्मी वृद्ध को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाशों ने वहीं सो रही वृद्ध की छह वर्षीय नातिन को जिन्दा छोड़ दिया। औद्योगिक थाना क्षेत्र के चेक पूरे खुर्द गांव में बजरंग बहादुर उर्फ नचकऊ 60 परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार की रात उनके घर में बदमाश घुसे। खटपट की आवाज सुनकर बजरंग की नींद टूटी और वे चिल्लाने लगे। इस पर बदमाशों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर बजरंग बहादुर की 55 वर्षीय पत्नी प्रेम पति देवी और 18 वर्षीय बेटी तनु की जान ले ली।
बजरंग को लहूलुहान करके और मां-बेटी की हत्या के बाद बदमाशों ने घर में रखे बक्सों, अलमारी को खंगाला। उनमें रखा सामान लूट ले गए। वारदात का पता बुधवार की सुबह करीब 6:30 बजे तब हुआ जब बजरंग बहादुर की छह वर्षीय नातिन अंशिका दरवाजा खोलकर बाहर निकली। उसने गांव वालों को बताया कि बाबा और दादी सो रहे हैं, उठ नहीं रहे हैं। गांव वाले किसी अनहोनी की आशंका से जब घर में घुसे तो नचकऊ की सांसे चल रही थी और उनकी पत्नी और बेटी की मौत हो चुकी थी।
0 Comments