सांसद के चचेरे भाई का निधन

सांसद के चचेरे

 भाई का निधन



खूंटी, 14 मार्च (हि.स.)। खूंटी के कांग्रेस सांसद सांसद कालीचरण मुंडा और झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा के चचेरे बड़े भाई बैजनाथ मुंडा का शुक्रवार को निधन हो गया।

उन्होंने खूंटी सदर अस्पताल में अपराह्न लगभग चार बजे अंतिम सांस ली। वे 72 वर्ष के थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बैजनाथ मुंडा के स्वजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर तक वे पूरी तरह स्वस्थ थे, लेकिन लगभग तीन बजे अचानक घर के बाथरूम में गिर पड़े। परिवार के लोग उन्हें तुरंत खूंटी सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।

सांसद कालीचरण मुंडा, मो नईमुद्दीन खान और सिविल सर्जन डॉ नागेश्वर मांझी भी सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिविल सर्जन ने रिम्स रेफर करने से इनकार कर दिया। कुछ ही मिनटों के भीतर उन्होंने दम तोड़ दिया। सिविल सर्जन ने कहा उनके निधन का कारण ब्रेन हेमरेज है। उनके निधन की खबर सुनते ही सांसद कालीचरण मुंडा भावुक हो गए और फफक कर रो पड़े। बैजनाथ मुंडा का पार्थिव शरीर खूंटी के मार्टिन बंगला स्थित आवास लाया गया, जहां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों की भीड़ जमा होने लगी थी। बैजनाथ मुंडा अविभाजित बिहार के दिवंगत मंत्री टी मुचिराय मुंडा के आप्त सचिव रह चुके थे। वे अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। बैजनाथ मुंडा के निधन पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष रामकृष्णा चौधरी, डॉ निर्मल सिंह, कांग्रेस नेता सयूम अंसारी, पीटर मुंडू, कुणाल कमल कच्छप सहित कई लोगों ने संवेदना जताई है।

Post a Comment

0 Comments