राजस्वी संबंधी शिकायतों पर जिला
दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त,
रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री सख्त
राजस्व संबंधी मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों पर लगेगा जुर्माना
भूमि मापी कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रशिक्षित अमीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश
राजस्व मामलों में आम नागरिकों को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में राजस्व संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत, आईएएस प्रोबेशनर सुश्री आस्था शरण, अपर समाहर्त्ता श्री रामनारायण सिंह, अनुमण्डल पदाधिकारी बुण्डू श्री मोहनलाल मरांडी, एलआरडीसी श्री मुकेश कुमार, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सख्त लहजे में कहा कि राजस्व संबंधित मामलों में अनावश्यक विलंब, लापरवाही और शिकायतों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जो पदाधिकारी अथवा कर्मचारी जानबूझकर मामलों को लंबित रखेंगे या कार्य में अनावश्यक विलंब करेंगे, उनके विरुद्ध जुर्माना लगाया जायेगा। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर करने वाले पदाधिकारियों के प्रति जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस अपनाएगा।
बैठक के दौरान जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने अंचलवार लंबित म्यूटेशन मामलों की विस्तृत समीक्षा की। जिन अंचलों में लंबित मामलों की संख्या अधिक पाई गई, वहां के अंचल अधिकारियों को तत्काल लंबित मामलों का निष्पादन करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लंबित मामले की व्यक्तिगत निगरानी की जाएगी और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित पदाधिकारी की जवाबदेही तय होगी।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने राजस्व कार्यों में गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करने के लिए अमीनों की रिक्तियों की भी समीक्षा की तथा आवश्यकतानुसार प्रशिक्षित अमीनों की प्रतिनियुक्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश अपर समाहर्त्ता को दिये, ताकि भूमि मापी एवं अन्य राजस्व कार्य समय पर संपन्न हो सके।
बैठक में सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे राजस्व मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि आम नागरिकों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त हों। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने दोहराया कि जनहित सर्वाेपरि है और राजस्व प्रशासन में लापरवाही करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

0 Comments