रक्तदान शिविर के
आयोजन को लेकर बैठक
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक
जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वार्षिक कैलेंडर के अनुसार नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्देश
रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज दिनांक 31.07.2026 को समाहरणालय स्थित सभागार में रक्तदान शिविरों के आयोजन एवं जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपविकास आयुक्त श्री संजय भगत, प्रशिक्षु आईएएस (IAS Probationer), सुश्री आस्था शरण, सिविल सर्जन श्री प्रभात कुमार, सदर अस्पताल ब्लड बैंक की मैनेजर श्रीमती मंजू कुमारी सहित विभिन्न निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिले के ब्लड बैंकों में रक्त की उपलब्धता की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर करने के उद्देश्य से वर्षभर के लिए रक्तदान शिविर का कैलेंडर तैयार कर नियमित रूप से शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने निर्देश दिया कि जिले के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, पुलिस विभाग, एयरपोर्ट, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, सरकारी एवं निजी कार्यालयों तथा अन्य संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से रक्तदान शिविर आयोजित किये जाएं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिले के सभी ब्लड बैंक अपने यहां उपलब्ध रक्त की वर्तमान स्थिति, नियमित रूप से अद्यतन करें, ताकि आम नागरिकों एवं अस्पतालों को विभिन्न ब्लड ग्रुप की उपलब्धता की सही एवं अद्यतन जानकारी समय पर प्राप्त हो सके।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि समय पर उपलब्ध रक्त किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने सभी संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान अभियान से जुड़कर समाजहित में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की।

0 Comments