विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अंतर्गत महत्वपूर्ण बैठक

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-

2026 अंतर्गत महत्वपूर्ण बैठक


जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक

विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत दावा एवं आपत्ति के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को लेकर दिये गये निर्देश

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश

विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अंतर्गत Enumeration Phase पूर्ण होने के उपरांत प्राप्त होने वाले दावा एवं आपत्ति (Claims & Objections) संबंधी आवेदनों के भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में रांची जिला के सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचन निबंधक पदाधिकारी (EROs), प्रशिक्षु आईएएस सुश्री आस्था शरण, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री बिवेक सुमन, सभी सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी (AEROs) सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इस उद्देश्य की पूर्ति में दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष, पारदर्शी तथा विधिसम्मत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी निर्वाचन निबंधक पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

बैठक में दावा एवं आपत्ति के विभिन्न प्रकार के मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों के परीक्षण, सत्यापन की कार्यप्रणाली, समय-सीमा के अनुपालन तथा आयोग द्वारा निर्धारित कानूनी एवं प्रक्रियात्मक प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। सभी संबंधित पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ करें, जिससे रांची जिले की मतदाता सूची अधिकाधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।

Post a Comment

0 Comments